Home / Chhattisgarh / सक्ती: सड़क हादसे के बाद जैजैपुर अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की नहीं हो सकी पहचान, कभी रामकुमार तो कभी राजू पटेल बता रहा नाम, परिजनों की तलाश जारी

सक्ती: सड़क हादसे के बाद जैजैपुर अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की नहीं हो सकी पहचान, कभी रामकुमार तो कभी राजू पटेल बता रहा नाम, परिजनों की तलाश जारी

ख़बर शेयर करें:

सक्ती, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सड़क दुर्घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में भर्ती एक अज्ञात व्यक्ति की पहचान दो दिन बाद भी नहीं हो सकी है। घायल व्यक्ति कभी अपना नाम रामकुमार पटेल तो कभी राजू पटेल बता रहा है। इतना ही नहीं, वह अपने गांव और निवास स्थान के संबंध में भी अलग-अलग जानकारी दे रहा है। इससे अस्पताल प्रबंधन को उसकी वास्तविक पहचान करने और परिजनों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को दर्राभांठा-ठठारी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद उक्त व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर पहुंचाया गया था। तब से वह अस्पताल में भर्ती है। शनिवार 17 अक्टूबर तक न तो उसकी पहचान की पुष्टि हो सकी है और न ही उसके परिजनों का कोई सुराग मिल पाया है।

अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, मरीज से नाम पूछने पर वह कभी रामकुमार पटेल तो कभी राजू पटेल बताता है। इसी तरह अपने निवास स्थान के संबंध में कभी पिपरदा तो कभी पहरिया गांव का नाम लेता है। वहीं, सकराली में रिश्तेदार होने की बात भी कह रहा है। बार-बार अलग-अलग नाम और पता बताए जाने से उसकी पहचान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

फिलहाल घायल व्यक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में भर्ती है। अस्पताल प्रबंधन उसके परिजनों और परिचितों का पता लगाने का प्रयास कर रहा है, ताकि उसकी सही पहचान सुनिश्चित कर परिवार को सूचना दी जा सके।

अस्पताल प्रबंधन ने आमजन से सहयोग की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति इस मरीज को पहचानता है या उसके परिवार, गांव अथवा रिश्तेदारों के संबंध में जानकारी रखता है, तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में पदस्थ फार्मासिस्ट चन्द्र प्रकाश चंद्रा के मोबाइल नंबर 9669732129 पर संपर्क कर सकता है। लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की गई है, ताकि घायल व्यक्ति के परिजनों तक जल्द खबर पहुंच सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *