कोरबा, 18 अक्टूबर। विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस (विश्व अस्थिसुषिरता दिवस) के अवसर पर 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कोरबा में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयोजित इस शिविर में हड्डियों से संबंधित बीमारियों की जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में विटामिन डी, कैल्शियम और हीमोग्लोबिन की 1900 रुपए मूल्य की संयुक्त जांच मात्र 600 रुपए में की जाएगी। इसके अलावा ब्लड शुगर की जांच और चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।
यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा।
शिविर में क्षेत्र के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा और नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे। इस दौरान अस्थिगत वात रोगों से पीड़ित मरीजों को आयुर्वेद, पंचकर्म, एक्युप्रेशर, योग एवं अन्य चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित परामर्श दिया जाएगा।

शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 20 अक्टूबर को विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को हड्डियों के कमजोर होने और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी के प्रति जागरूक करना है। ऑस्टियोपोरोसिस में हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है, जिससे उनके कमजोर होने और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। पर्याप्त कैल्शियम और विटामिन डी का सेवन तथा स्वस्थ जीवनशैली हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि शिविर में श्री डायग्नॉस्टिक पैथो लैब द्वारा विटामिन डी, कैल्शियम एवं हीमोग्लोबिन की संयुक्त जांच रियायती दर पर की जाएगी। इसके साथ ही रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच की जाएगी। आयोजकों के अनुसार मधुमेह से संबंधित औषधि तथा अस्थिगत वात रोगों के लिए अस्थि पोषक क्वाथ भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मरीजों को हड्डियों के स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी जानकारी देने वाली स्वास्थ्य पुस्तिका भी वितरित की जाएगी।
शिविर में आने वाले मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श के साथ योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। चिकित्सक मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार दिनचर्या, ऋतुचर्या, खानपान और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव के संबंध में मार्गदर्शन करेंगे। विशेष रूप से हड्डियों की कमजोरी और जोड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीयन की व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर पंजीयन कराने के साथ जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त कर सकते हैं, ताकि शिविर के दौरान उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।






