Shubman Gill On World Cup 2023 Final: भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल की नजरें अब आगामी ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 पर टिकी हैं। 2023 विश्व कप में खिलाड़ी के तौर पर टीम इंडिया का हिस्सा रहे गिल अब अगले विश्व कप में कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में 2023 के फाइनल में मिली हार की याद उनके लिए अब भी अधूरे काम की तरह है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले जियोस्टार से बातचीत में शुभमन गिल ने विश्व कप और कप्तानी को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर विश्व कप खेलने का मौका बहुत कम मिलता है और वह इस बार टीम के साथ एक कदम आगे जाना चाहेंगे।
गिल ने कहा कि 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार उनके लिए एक अधूरा काम है, जिसे वह पूरा करना चाहते हैं। उनका ध्यान अब 2027 विश्व कप की तैयारियों पर है और कप्तान के तौर पर टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उनके सामने होगी।
कप्तानी को लेकर गिल ने कहा कि वह इसे दबाव के बजाय एक बड़ी जिम्मेदारी के तौर पर देखते हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से उनका सपना भारत का कप्तान बनना नहीं, बल्कि देश के लिए खेलना और भारत को मैच जिताना था। अब जब उन्हें टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है, तो यह उनके लिए बड़े सम्मान की बात है।
गिल के मुताबिक, वह कप्तानी को इस सोच के साथ देखते हैं कि उन्हें टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सही इरादे के साथ काम करने पर चीजें अपने आप सही दिशा में आगे बढ़ेंगी। इसी वजह से उन्हें कप्तानी को लेकर अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं होता।
2027 का वनडे विश्व कप गिल के लिए इसलिए भी अहम होगा क्योंकि इस बार वह सिर्फ टीम के प्रमुख बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि भारतीय टीम के कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे। ऐसे में 2023 की निराशा को पीछे छोड़कर भारतीय टीम को खिताब तक पहुंचाना उनके सामने बड़ी चुनौती होगी।







