Home / National / लालबाग गणपति पंडाल के पास हादसा: करंट लगने से आठ साल की बच्ची समेत दो की मौत; कई लोग घायल

लालबाग गणपति पंडाल के पास हादसा: करंट लगने से आठ साल की बच्ची समेत दो की मौत; कई लोग घायल

मुंबई। मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में आठ साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा उस समय हुआ, जब लालबाग में गणपति उत्सव के चलते बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

रात 2:20 बजे की घटना

अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 2:20 बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को रात 2:42 बजे दी गई। इसके बाद दमकल, पुलिस, बेस्ट और नगर निगम के वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं।

घायलों को दो अस्पतालों में ले जाया गया

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच घायलों को भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहीं, अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में घायलों का इलाज शुरू किया गया।
मसीना अस्पताल में आठ साल की रघनी घनश्याम यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरश हांडे, 19 वर्षीय साहिल संदीप तारे और 12 वर्षीय रूह़ी सिंह का इलाज चल रहा था। उनकी हालत के बारे में तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं थी।

ग्लोबल अस्पताल में महिला ने भी दम तोड़ा

अधिकारियों ने बाद में हादसे में दूसरी मौत की पुष्टि की। ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने भी चोटों के चलते दम तोड़ दिया। महिला की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *