Home / Chhattisgarh / रायपुर में मां की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, 3 साल बाद बेटा गिरफ्तार; सामान्य मौत बताकर छिपाया था जुर्म

रायपुर में मां की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, 3 साल बाद बेटा गिरफ्तार; सामान्य मौत बताकर छिपाया था जुर्म

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 19 नवंबर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मां की हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी थी और घटना को सामान्य मृत्यु बताकर छिपाने का प्रयास किया था। पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व गवाहों से पूछताछ के आधार पर करीब तीन साल पुराने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मामला खमतराई थाना क्षेत्र के मर्ग क्रमांक 72/2023 से जुड़ा है। मृतिका श्यामा गोस्वामी के सिर में चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर हत्या की आशंका मजबूत हुई।

जांच में सामने आया कि मृतिका का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष) के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था, इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था।

विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद मां के दर्द से कराहने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। सिर से खून बहने के बाद आरोपी ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने अपनी मां के सिर में गमछा बांध दिया और माथे व सिर पर गुलाल लगा दिया। इसके बाद उसने अपनी बहनों और पुलिस को हत्या की जानकारी नहीं दी तथा आसपास के लोगों को मृत्यु का सामान्य कारण बताकर घटना को छिपाने का प्रयास किया।

मामले में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मौत पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने शिकायत और पूर्व में की गई मर्ग जांच से जुड़े तथ्यों का दोबारा परीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बेटे की संलिप्तता उजागर हुई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी, पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, उम्र 44 वर्ष, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 302 और 201 में मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले के खुलासे में खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *