Home / Chhattisgarh / रायपुर में खेल अकादमियों के लिए चयन ट्रायल 23-24 सितंबर को, तीरंदाजी-फुटबॉल-हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ी होंगे शामिल

रायपुर में खेल अकादमियों के लिए चयन ट्रायल 23-24 सितंबर को, तीरंदाजी-फुटबॉल-हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ी होंगे शामिल

रायपुर, 22 सितंबर 2026। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश एवं प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसमें तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।

चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों का पंजीयन 23 सितंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि अंकित प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

23 सितंबर को तीरंदाजी और फुटबॉल का ट्रायल
गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी तथा बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल 23 सितंबर को आयोजित होगा। तीरंदाजी का ट्रायल तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने और फुटबॉल का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में होगा।

24 सितंबर को हॉकी और एथलेटिक्स का ट्रायल
गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी एवं बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितंबर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में सुबह 7 बजे से आयोजित किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा। इसमें राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकेंगे।

खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *