Home / Chhattisgarh / रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई: चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले का फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई: चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले का फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

ख़बर शेयर करें:

रायगढ़, 29 सितम्बर। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। पुसौर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ पहुंचाया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया Vivo मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इंटरनेट और सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री देखने, अपलोड करने या साझा करने के मामलों में साइबर निगरानी के जरिए प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से प्राप्त साइबर टिप लाइन की जानकारी रायगढ़ एसपी कार्यालय को मिली थी। इसे कार्रवाई के लिए पुसौर थाना भेजा गया।

जांच में सामने आया कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC इलाके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा और अपलोड किया गया था। जांच में सामग्री को चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी में पाए जाने के बाद पुसौर थाने में 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और आईटी एक्ट की धारा 67(B) के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

विवेचना के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी और मोबाइल डिटेल का विश्लेषण किया गया। इससे आरोपी की लोकेशन मुजफ्फरपुर, बिहार में होने की जानकारी मिली। इसके बाद थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम, पिता मोहम्मद मुस्लिम आलम, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। इसी दौरान यह घटना हुई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से Vivo मोबाइल फोन जब्त किया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन सिंह गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय और आरक्षक धनुर्जय बेहरा की भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से जुड़े मामलों में साइबर सूचनाओं और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *