Home / Chhattisgarh / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर किए हस्ताक्षर, सुरक्षित यातायात के प्रति जताई प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर किए हस्ताक्षर, सुरक्षित यातायात के प्रति जताई प्रतिबद्धता

रायपुर, 23 सितम्बर 2026। सड़क सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यातायात जागरूकता के लिए चलाए जा रहे अभियानों और विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री साय को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों तथा आम लोगों की भागीदारी से संचालित जागरूकता गतिविधियों की जानकारी साझा की।

इस दौरान ट्रैफिक हैकथॉन 2026 अभियान के बारे में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई। अभियान के माध्यम से तकनीकी नवाचार, नए समाधान और जनभागीदारी को जोड़कर सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना की और सड़क सुरक्षा के लिए तकनीक एवं जनभागीदारी के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी समझते हुए यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सड़क पर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *