Home / Chhattisgarh / मालगाड़ी के इंजन पर पत्थरबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लोको पायलट को लगी थी चोट

मालगाड़ी के इंजन पर पत्थरबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लोको पायलट को लगी थी चोट

कोरबा/दीपका,15 सितंबर। दीपका पुलिस ने मालगाड़ी के इंजन पर पत्थरबाजी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के हवाले किया है। घटना में मालगाड़ी के लोको पायलट के सिर में चोट आई थी। पुलिस और आरपीएफ के समन्वय से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10:15 बजे मालगाड़ी संख्या एन बॉक्स/15 के इंजन पर जूनाडीह-दीपका एसईसीएल साइडिंग के बीच पत्थरबाजी की गई थी। पत्थर लगने से लोको पायलट के सिर में चोट आई। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स पोस्ट कोरबा में अपराध क्रमांक 783/2026 के तहत रेलवे एक्ट की धारा 153 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान दीपका थाना पुलिस के सहयोग से रविवार को रोशन तिवारी (26), पिता स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद तिवारी, निवासी वार्ड नंबर 7, कृष्णानगर दीपका को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उसे आरपीएफ द्वारा पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 783/2026 में संबद्ध किया गया।

आरोपी को 14 सितंबर को रेलवे न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किए जाने की कार्रवाई की गई। रेलवे क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर आरपीएफ द्वारा रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जाती है, जबकि सामान्य क्षेत्रों में पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई करती है। इस मामले में दीपका पुलिस और आरपीएफ के बीच बेहतर समन्वय के चलते आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *