आरंग,17 सितंबर। राजधानी रायपुर से लगे आरंग से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है। उनकी लाश महानदी के तट पर बनचरौदा के पास खून से लथपथ मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।यह पूरा मामला आरंग थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान शासकीय विद्यालय कुम्हारी में पदस्थ शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है, जो डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे।
उनका शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास से बरामद हुआ है।प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, शिक्षक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी मिली है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह हत्या का मामला है।घटना की सूचना मिलने के बाद, आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस को संदेह है कि यह रंजिश का मामला हो सकता है, लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। ये टीमें घटनास्थल की बारीकी से जांच करेंगी और सबूत जुटाएंगी। पुलिस ने शिक्षक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।







