- सदर बाजार, गोल बाजार, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड में भीड़ के अनुसार बदलेगा यातायात मार्ग, पार्किंग के लिए 8 स्थान चिन्हित
बिलासपुर, 04 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी की है। शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जरूरत के अनुसार डायवर्सन, नो एंट्री, नो पार्किंग और एकांगी मार्ग लागू किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त SP यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया है। इस दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बीट, पॉइंट, हाईवे, क्रेन पेट्रोलिंग और आपातकालीन ड्यूटी के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड में अधिक भीड़ होने पर तत्काल डायवर्सन लागू किया जा सकता है। इसके लिए गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, वाल्मीकि चौक, सिम्स तिराहा, रामसेतु चौक और हैप्पी स्ट्रीट मार्ग सहित अन्य स्थानों को संभावित डायवर्सन पॉइंट के रूप में चिन्हित किया गया है।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग हेतु मल्टीलेवल पार्किंग कोतवाली चौक, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, नई रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान, लखीराम ऑडिटोरियम बेसमेंट पार्किंग और अन्य खुले स्थानों को चिन्हित किया गया है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की है।
दुकानदारों और व्यापारियों को भी निर्देश
यातायात पुलिस ने दुकान संचालकों, फुटकर व्यापारियों, ठेला-गुमटी संचालकों और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को मुख्य मार्गों पर दुकान का सामान फैलाकर नहीं रखने की हिदायत दी है। व्यापारियों से ग्राहकों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।
नियम तोड़ने वालों से बचने की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन चलाने से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा रॉन्ग साइड और ट्रिपल सवारी से परहेज करने की अपील की है। मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की भी समझाइश दी गई है। मुख्य सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन के दौरान पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की गई है।
इसके अलावा पटाखा दुकानों को नगर प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संचालित करने की हिदायत दी गई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान बाजार आने-जाने के लिए निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। पुलिस द्वारा भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जारी किए जाने वाले डायवर्सन निर्देशों का पालन करें, ताकि दीपावली का पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में मनाया जा सके।







