- राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ के जवानों ने किया शानदार प्रदर्शन, बस्तर के साहस और संघर्ष की गाथा को राष्ट्रीय मंच पर किया प्रस्तुत
रायपुर, 04 नवंबर 2026। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परेड में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकारियों को बधाई दी और उनके साहस, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ भोजन कर एकता नगर में उनके अनुभव भी जाने।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं परेड का सीधा प्रसारण देखा। जवानों ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ मार्च करते हुए देश के सामने छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत की।
उन्होंने विशेष रूप से बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ महिला कमांडो ने मार्च पास्ट किया, वह अद्भुत था। बस्तर की बेटियों ने अपने प्रदर्शन से नारी शक्ति, साहस और आत्मसम्मान का परिचय दिया है। कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों की बेटियां आज राष्ट्रीय मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर की प्रेरणादायक तस्वीर है।

मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के लिए उन्होंने लगातार कठिन अभ्यास और मेहनत की थी। देश के विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ एक मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने एकता नगर की भव्यता और वहां की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ से मिली बधाइयों और शुभकामनाओं ने उनका उत्साह बढ़ाया।
जवानों ने बताया कि परेड के माध्यम से उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर के सुरक्षा बलों के योगदान को देश के सामने रखने का अवसर मिला। यह आयोजन नक्सलवाद के विरुद्ध वर्षों तक चले संघर्ष, जवानों के बलिदान और बस्तर में स्थापित हो रही शांति की कहानी को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का माध्यम बना।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस, समर्पण और बलिदान के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई लड़ी है। आज बस्तर भय और हिंसा के अतीत से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव में जवानों की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। वे वर्तमान में बीजापुर जिले के कुटरू में एसडीओपी हैं। डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार आरक्षित टू-आईसी रहे, जो वर्तमान में सुकमा जिले के कोंटा में एसडीओपी पदस्थ हैं।
डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व किया, जबकि शरद जायसवाल आरक्षित कमांडर रहे। डीएसपी अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया। कविता ध्रुवे आरक्षित महिला कमांडर रहीं। वहीं डीएसपी प्रवीण भारती एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों के समर्पण, कठिन परिश्रम और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनका साहस और अनुशासन प्रदेश के पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।







