तिल्दा-नेवरा, 16 नवंबर 2026 । बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से अदाणी पावर प्लांट, रायखेड़ा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आसपास के गांवों के 121 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में 101 अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अदाणी पावर प्लांट के प्रोजेक्ट हेड अशोक सिंह यादव उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एचआर हेड नागेश्वर राव, देबासिस दास और अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर हेड प्रीति प्रजापति शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत संबोधन के साथ हुई। इस अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए बच्चों के प्रति उनके स्नेह और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि अशोक सिंह यादव ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन और समय का सदुपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में वैज्ञानिक, शिक्षक, इंजीनियर और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी को समझने का आधार भी है।
अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर हेड प्रीति प्रजापति ने कहा कि फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। नवोदय कोचिंग सेंटर के माध्यम से बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्य हासिल कर सकें।
इस दौरान नागेश्वर राव ने बच्चों को मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं देबासिस दास ने आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल युग के अवसरों और चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, रचनात्मक गतिविधियां और प्रेरणादायक संवाद सत्र भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और उचित मार्गदर्शन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी 121 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री प्रदान की गई। अदाणी फाउंडेशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपनी गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।







