Home / Chhattisgarh / बालोद में एक ही दिन में दो चीतलों की मौत, कुत्तों के हमले में गर्भवती मादा ने तोड़ा दम; जलाशय में मिला नर का शव

बालोद में एक ही दिन में दो चीतलों की मौत, कुत्तों के हमले में गर्भवती मादा ने तोड़ा दम; जलाशय में मिला नर का शव

ख़बर शेयर करें:

बालोद, 02 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ही दिन में दो चीतलों की मौत से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को अलग-अलग घटनाओं में एक गर्भवती मादा चीतल और एक नर चीतल की मौत हो गई। एक चीतल कुत्तों के हमले में घायल हुआ था, जबकि दूसरे का शव जलाशय में तैरता मिला। दोनों मामलों में वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कराया।

पहली घटना दल्लीराजहरा नगर क्षेत्र की है। रविवार सुबह बीएसपी हॉस्पिटल के पास करीब दो साल की गर्भवती मादा चीतल पर कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चीतल को वन विभाग की टीम उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग ने पोस्टमार्टम कराकर उसका अंतिम संस्कार कराया।

वहीं, दूसरी घटना डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र की है। रविवार शाम गैंजी गांव के पास स्थित गोंदीली जलाशय में एक नर चीतल का शव पानी में तैरता हुआ मिला। जलाशय में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

वन विभाग की टीम ने सोमवार सुबह नर चीतल का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल दोनों चीतलों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *