Home / Chhattisgarh / निहारिका में दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ, पंडित देवशरण दुबे ने सुनाई भगवान गणेश के प्राकट्य और प्रथम पूज्य बनने की कथा

निहारिका में दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ, पंडित देवशरण दुबे ने सुनाई भगवान गणेश के प्राकट्य और प्रथम पूज्य बनने की कथा

कोरबा,15 सितंबर। विश्व कल्याण की मंगल भावना के उद्देश्य से निहारिका गणेशोत्सव समिति के तत्वावधान में महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर 2026 को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। कथा का आयोजन 23 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा।

कथा का शुभारंभ मंगल कलश यात्रा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। व्यासपीठ से सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक एवं भागवत-मानस मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे ने श्रद्धालुओं को भगवान श्री गणेश के प्राकट्य, उनकी महिमा और प्रथम पूज्य बनने की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान गणेश की कथा का श्रवण किया।

पंडित देवशरण दुबे ने भगवान गणेश के प्राकट्य की कथा सुनाते हुए बताया कि माता पार्वती की आज्ञा का पालन करते हुए गणेश जी ने अपने कर्तव्य से कभी समझौता नहीं किया। माता की आज्ञा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण ऐसा था कि उन्होंने अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। इसी कर्तव्यनिष्ठा के कारण उन्हें अपने प्राणों का त्याग करना पड़ा। बाद में भगवान शिव ने उन्हें पुनः जीवन प्रदान किया। इसके बाद देवताओं ने भगवान गणेश को अपनी-अपनी शक्तियां, सिद्धियां और आशीर्वाद प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का जीवन आज के समाज के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश देता है। माता-पिता और गुरु की आज्ञा का सम्मान, कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन, त्याग और सत्य के मार्ग पर अडिग रहना व्यक्ति को महान बनाता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने माता-पिता और गुरुजनों की आज्ञा का सम्मान करता है, उसे जीवन में सिद्धि, बुद्धि, यश और सफलता प्राप्त होती है।

कथा के दौरान भगवान गणेश की महिमा और उनके गुणों का वर्णन करते हुए पंडित देवशरण दुबे ने कहा कि गणेश जी की बुद्धिमत्ता, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा ही उन्हें समस्त देवताओं में प्रथम पूजनीय बनाती है। कथा स्थल पर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान करने के साथ भगवान गणेश की आरती में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया गया।

निहारिका गणेशोत्सव समिति एवं सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति की ओर से अंचलवासियों से दस दिवसीय श्री गणेश कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस विशेष धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। कथा का आयोजन 23 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर, निहारिका रोड में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *