कोरबा,12 सितम्बर 2026। बालकोनगर स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरितालिका तीज व्रत पूजन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जारी हैं। 14 सितंबर 2026, सोमवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष तृतीया के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी।
मंदिर में शाम 6.30 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात्रि 7.30 बजे से शिव-पार्वती पूजन संपन्न होगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालु महिलाओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पूजन में सहभागी बनने की अपील की है।

श्रीराम मंदिर के ट्रस्टी सुधार शर्मा ने बताया कि यह मंदिर काफी पुराना है और यहां लंबे समय से धार्मिक आयोजन परंपरागत रूप से होते आ रहे हैं। हरितालिका तीज के अवसर पर भी प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं पूजन में शामिल होती हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में ब्राह्मण समाज की महिलाओं के साथ अन्य समाजों की महिलाएं भी समान रूप से शामिल होकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। मंदिर में होने वाला यह आयोजन महिलाओं की धार्मिक आस्था और सहभागिता का विशेष अवसर बनता है।
उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज महिलाओं के लिए विशेष आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इस अवसर पर महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करती हैं।

आयोजन समिति ने उन बहनों से भी विशेष रूप से शिव-पार्वती पूजन में शामिल होने की अपील की है, जो इस अवसर पर अपने पीहर नहीं जा पाई हैं। बालको सेवा समाज, बालको नगर ने श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।






