दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने जामुल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान किरण ने अपने प्रेमी से विवाह करने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता बताते हुए आरोपी से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
विवाद के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने अमित कुमार बंजारे को नया मकान दिखाने की बात कहकर शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
हमले में घायल अमित को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को जब्त कर लिया। विवेचना के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। गंभीर विवाद या संभावित अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।







