आजमगढ़,15 सितंबर । फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़क़े एक भीषण सड़क़ हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ, जब फूलपुर की तरफ से सरायमीर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई।बताया गया कि कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी की उम्र 16 से 17 साल थी। फूलपुर कस्बा में गणेश पंडाल में देर रात तक सजावट का काम किए।
इसके बाद तड़क़े सभी चाय पीने के लिए सरायमीर का प्लान बनाए। मंगलवार की सुबह करीब 4.30 बजे कार सरायमीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क़ किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया।
अभी 2 लोग सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर भर्ती हैं। सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि फूलपुर की तरफ से स्विफ्ट डिजायर कार में नौ लोग सवार होकर आ रहे थे। सुबह करीब 4.30 बजे कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







