Home / Chhattisgarh / पूंजीपथरा में ऑपरेशन आघात की कार्रवाई: 15 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला गिरफ्तार; सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते 6 लोगों पर केस

पूंजीपथरा में ऑपरेशन आघात की कार्रवाई: 15 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला गिरफ्तार; सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते 6 लोगों पर केस

रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 15 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले छह लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की यह कार्रवाई 19 सितंबर 2026 को ग्राम पूंजीपथरा क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को ग्राम पूंजीपथरा में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान प्रभा लाकड़ा (50 वर्ष), पति हिजनुस लकड़ा, निवासी टटकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी पूंजीपथरा के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में महिला द्वारा शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए रखना बताया गया। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। गेरवानी यात्री प्रतीक्षालय, सालासर चौक पूंजीपथरा, गेरवानी बस स्टैंड और तमनार चौक पूंजीपथरा के आसपास जांच के दौरान छह लोग खुले में शराब का सेवन करते मिले। पुलिस के मुताबिक, सभी देशी प्लेन शराब का सेवन कर रहे थे। उनके खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जद में आए लोगों में अलेक्जेंडर केरकेट्टा (39), अजीत उरांव (29), सुनील शाह (32), प्रमोद साहनी (35), संतोष गिरी (33) और रुपेश कुमार यादव (22) शामिल हैं।

पूंजीपथरा पुलिस की इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीष कुमार पोया, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैकरा, विनीत तिर्की सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के कारोबार और नशे के सेवन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *