Home / Chhattisgarh / पुष्प विहार चौक का नाम होगा भगवान बिरसा मुंडा चौक, 15 नवंबर को होगा औपचारिक नामकरण

पुष्प विहार चौक का नाम होगा भगवान बिरसा मुंडा चौक, 15 नवंबर को होगा औपचारिक नामकरण

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,05 नवम्बर 2026। शहर के आरएसएस नगर स्थित पुष्प विहार कॉलोनी के चौक का नाम अब भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा जाएगा। नगर निगम प्रशासन द्वारा पुष्प विहार चौक का नाम बदलकर बिरसा मुंडा चौक किए जाने के निर्णय का कॉलोनीवासियों और आदिवासी समाज ने स्वागत किया है। इस संबंध में 4 नवंबर 2026 को पुष्प विहार कॉलोनी में आयोजित सामाजिक बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति व्यक्त की। बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर चौक के नामकरण का औपचारिक उद्घाटन प्रशासन द्वारा किया जाएगा।

बैठक में नामकरण कार्यक्रम की तैयारियों के साथ आदिवासी समाज के सामाजिक विकास और कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का नाम आदिवासी समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उनके नाम पर चौक का नामकरण होना समाज की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने वाला कदम है।

बैठक में कॉलोनी के प्रवेश द्वार की मरम्मत, सड़कों की स्थिति में सुधार, नालियों के निर्माण एवं मरम्मत तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं का विकास भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके अलावा क्षेत्र में एक सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी उठाई गई। सदस्यों का कहना था कि सामुदायिक भवन उपलब्ध होने से सामाजिक बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों, पारंपरिक कार्यक्रमों और अन्य सामूहिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी।

उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित किया था। उनके योगदान को याद करते हुए पुष्प विहार चौक का नामकरण समाज के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

बैठक में सेवक लाल मरावी, रामसाय, शील पितर कुजूर, मंजनू तिर्की, मोहित राम सिदार, निर्मल कुजूर, अविनाश मरकाम, शिवराम, बीआर भगत, शांति भगत, स्वर्ण लकड़ा, सुखमनी तिर्की, संजीत गोंड, नमन टोप्पो, प्रताप केरकेट्टा, मनोज कलवड़े, श्री सिदार, हेलेना एक्का, किरण कुमुदनी टोप्पो, सोसन एक्का, लिनुश तिर्की, लिली कुजूर और बीएल नेताम सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संयोजक सेवक लाल मरावी ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समाज के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि चौक के नामकरण के साथ ही कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *