Home / Chhattisgarh / कोरबा: विज्ञान प्रदर्शनी में रजगामार स्कूल की दोहरी उपलब्धि, यास्मिन और व्याख्याता कंचन यादव आर्य ने हासिल किया प्रथम स्थान

कोरबा: विज्ञान प्रदर्शनी में रजगामार स्कूल की दोहरी उपलब्धि, यास्मिन और व्याख्याता कंचन यादव आर्य ने हासिल किया प्रथम स्थान

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,05 नवम्बर 2026। जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजगामार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा यास्मिन और व्याख्याता श्रीमती कंचन यादव आर्य ने अपनी-अपनी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा के आयोजन तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के प्रायोजन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या साडा, कोरबा में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ रखा गया था। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजगामार की कक्षा 12वीं की छात्रा यास्मिन ने व्याख्याता श्रीमती कंचन यादव आर्य के मार्गदर्शन में ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता—उपकरण, लाभ अथवा हानि’ विषय पर एकल मॉडल प्रस्तुत किया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और विषय की बेहतर समझ के आधार पर यास्मिन ने निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया और प्रथम स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार पश्चिम भारत विज्ञान मेले की टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) प्रतियोगिता में व्याख्याता श्रीमती कंचन यादव आर्य ने भी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार छात्रा और शिक्षिका दोनों की सफलता से विद्यालय को दोहरी उपलब्धि मिली। निर्णायक मंडल ने दोनों प्रस्तुतियों की सराहना की।

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार साहू ने छात्रा यास्मिन और व्याख्याता कंचन यादव आर्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डी. आर. कुर्रे ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *