Home / Chhattisgarh / पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर बिजली कर्मचारियों का आंदोलन टालने की कोशिश, प्रबंधन ने वार्ता के लिए बुलाया

पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर बिजली कर्मचारियों का आंदोलन टालने की कोशिश, प्रबंधन ने वार्ता के लिए बुलाया

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की बिजली कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। इस बीच बिजली कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। सोमवार को सुबह 11 बजे बिजली कंपनी के समक्ष बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें कंपनी के प्रबंध निदेशकों की मौजूदगी में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग पर चर्चा होगी।

पुरानी पेंशन अधिकार मंच और उससे जुड़े कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 16 नवंबर को द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। बैठक में प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जाएगा। माना जा रहा है कि प्रबंधन इस वार्ता के माध्यम से कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने और प्रस्तावित आंदोलन को टालने का प्रयास कर सकता है।

गौरतलब है कि पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर कर्मचारी संगठनों ने 18 नवंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश आंदोलन की चेतावनी दी है। इस आंदोलन से पहले प्रबंधन ने बातचीत का रास्ता अपनाया है। बैठक में मुख्य अभियंता (मानव संसाधन), छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड, रायपुर की ओर से जारी पत्र के माध्यम से विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों के प्रांतीय अध्यक्षों तथा महासचिवों को आमंत्रित किया गया है। प्रत्येक संगठन से एक केंद्रीय पदाधिकारी को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।

बैठक में स्टेट पावर कंपनीज डॉक्टर्स एसोसिएशन, स्टेट पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन, डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ, विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जनता यूनियन, तकनीकी विद्युत कर्मचारी एकता यूनियन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि नई पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके। कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि बैठक में उनकी मांगों पर सकारात्मक चर्चा होगी। हालांकि, 18 नवंबर का प्रस्तावित सामूहिक अवकाश आंदोलन वापस लेने का निर्णय वार्ता के परिणाम पर निर्भर करेगा। यदि कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता है तो आंदोलन की रणनीति में बदलाव भी किया जा सकता है। फिलहाल बिजली कर्मचारियों की नजरें प्रबंधन के साथ होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हुई हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *