Home / National / पुणे में कार्यरत एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या से सनसनी, वैनगंगा नदी किनारे मिला खून से लथपथ शव; पुराने परिचित से पूछताछ जारी…

पुणे में कार्यरत एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या से सनसनी, वैनगंगा नदी किनारे मिला खून से लथपथ शव; पुराने परिचित से पूछताछ जारी…

ख़बर शेयर करें:

गोंदिया/बालाघाट। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में वैनगंगा नदी के पास पुणे में कार्यरत एक विमान परिचारिका (एयर होस्टेस) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय वर्षा तुरकर के रूप में हुई है। घटना के बाद गोंदिया और मध्य प्रदेश के बालाघाट क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदेह के आधार पर मृतका के एक पुराने परिचित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर की शाम महाराष्ट्र के दवानीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोंदरानी (अर्जुनी) गांव के पास जंगल में हुई। वर्षा दिवाली मनाने के लिए मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी गांव स्थित अपने मायके आई हुई थीं। उनके साथ उनकी तीन साल की बेटी भी थी। बताया गया कि वह अपने पुराने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के पास घूमने गई थीं।

कुछ समय बाद नितेश ने वर्षा के परिजनों को फोन कर बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने लूटपाट की कोशिश की और इस दौरान वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां वर्षा खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल खैरलांजी के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

लूट की कहानी पर पुलिस को संदेह

पुलिस ने पूछताछ के लिए नितेश अग्रवाल को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि लूटपाट की घटना को लेकर उसके बयानों में कुछ विसंगतियां सामने आई हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान वर्षा को ही निशाना क्यों बनाया गया, जबकि उनके साथ मौजूद नितेश को कोई चोट नहीं आई। फिलहाल पुलिस उसके बयानों की पुष्टि करने के साथ घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

जांच के दौरान वर्षा के पति समर सैयद की भूमिका सहित अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। वर्षा ने वर्ष 2021 में समर से शादी की थी और दोनों पुणे में रह रहे थे। बताया जाता है कि दंपति विमानन क्षेत्र से जुड़े हुए थे। उनकी तीन साल की एक बेटी है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी व्यक्ति की इस अपराध में संलिप्तता साबित नहीं हुई है।

पिता ने की निष्पक्ष जांच और कड़ी सजा की मांग

वर्षा के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना महाराष्ट्र के दवानीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मध्य प्रदेश के खैरलांजी पुलिस ने प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद 15 नवंबर को संबंधित दस्तावेज महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिए गए।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *