राजेश कुमार यादव,। सारंगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित फुलझरिया पारा के नर्सरी चौक में कसेर गली की जर्जर क्रॉसिंग नाली का आखिरकार पुनर्निर्माण हो गया। लंबे समय से क्षतिग्रस्त इस नाली की मरम्मत के लिए वार्ड पार्षद गीता थवाईत ने कई बार नगरपालिका प्रशासन से मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अपने निजी खर्च से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराकर नाली का जीर्णोद्धार कराया। इस कार्य में क्षेत्र के युवाओं ने भी श्रमदान कर सहयोग दिया।
जानकारी के अनुसार, नर्सरी चौक स्थित कसेर गली की क्रॉसिंग नाली पिछले डेढ़ वर्ष से जर्जर अवस्था में थी। नाली टूटने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और बाइक सवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस दौरान कई लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर भी चुके थे। वहीं, बारिश के मौसम में नाली की गंदगी सड़क पर फैलने से आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। नाली की खराब स्थिति के कारण आवागमन में भी दिक्कतें हो रही थीं।
इस समस्या के निराकरण के लिए पार्षद गीता थवाईत ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को कई बार पत्र लिखकर क्रॉसिंग नाली के पुनर्निर्माण की मांग की थी। वार्ड के जागरूक नागरिकों ने भी नगरपालिका प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी। इतना ही नहीं, नाली के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसी बीच नवरात्र पर्व नजदीक आने पर वार्डवासियों और नर्सरी चौक दुर्गोत्सव समिति ने पार्षद से नाली के पुनर्निर्माण के लिए एक बार फिर आग्रह किया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और क्षेत्र की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गीता थवाईत ने पहल की और अपने निजी खर्च से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराकर क्षतिग्रस्त क्रॉसिंग नाली का जीर्णोद्धार कराया। स्थानीय युवाओं ने भी श्रमदान कर इस कार्य को पूरा करने में सहयोग दिया।
नवरात्र पर्व से दो दिन पहले पार्षद ने नर्सरी चौक स्थित दुर्गा पंडाल के आसपास की सड़कों और नालियों की सफाई भी कराई, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। क्रॉसिंग नाली के निर्माण और साफ-सफाई की इस पहल पर नर्सरी चौक दुर्गोत्सव समिति तथा वार्डवासियों ने पार्षद गीता थवाईत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान के लिए पार्षद द्वारा निजी खर्च से उठाए गए इस कदम की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। वार्डवासियों को उम्मीद है कि भविष्य में नगरपालिका प्रशासन भी क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए तत्परता से कार्य करेगा।







