Home / Chhattisgarh / एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह का शानदार आगाज, 170 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित हुए उत्कृष्ट कर्मी

एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह का शानदार आगाज, 170 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित हुए उत्कृष्ट कर्मी

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 24 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार, 24 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने अपने प्रेरक सत्र में नवाचार, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने कहा कि जिस प्रकार एक सैनिक सीमा पर देश की सुरक्षा का दायित्व निभाता है, उसी प्रकार कोयला कर्मियों की भी देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि देश की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी कर्मियों का राष्ट्रीय दायित्व है।

सीएमडी ने टीम एसईसीएल पर भरोसा जताते हुए कहा कि कंपनी के प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें तो निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल करना संभव है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि दौड़ शुरू करना आसान है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को रोजमर्रा के काम में नए प्रयोग करने और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की छोटी-छोटी पहल और नवाचार पूरे संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

खदानों और क्षेत्रों को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार

पुरस्कार समारोह में विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान ने प्रथम, बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान ने द्वितीय तथा सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

खुली खदानों की श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान प्रथम, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तृतीय स्थान पर रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ क्षेत्र ने पहला, भटगांव ने दूसरा और बैकुंठपुर क्षेत्र ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदानों की श्रेणी में कुसमुंडा और भूमिगत खदानों की श्रेणी में हल्दीबाड़ी को पुरस्कृत किया गया।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित पूर्व निदेशक और विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सिस्टा, ओबीसी एवं एससी-एसटी एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

25 नवंबर को मुख्य समारोह, पलाश सेन और यूफोरिया देंगे प्रस्तुति

एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित होगा। इसमें एसईसीएल के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक शामिल होंगे। समारोह के तहत शाम को वसंत विहार मैदान में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने लोकप्रिय बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ संगीतमय प्रस्तुति देंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *