Home / Chhattisgarh / नगरी विवाद और झड़प मामले में धमतरी पुलिस की कार्रवाई, आरक्षक से मारपीट पर FIR दर्ज; पुलिस निरीक्षक के खिलाफ शिकायत की जांच शुरू

नगरी विवाद और झड़प मामले में धमतरी पुलिस की कार्रवाई, आरक्षक से मारपीट पर FIR दर्ज; पुलिस निरीक्षक के खिलाफ शिकायत की जांच शुरू

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 24 नवंबर 2026। नगरी क्षेत्र में कथित प्रार्थना सभा को लेकर हुए विवाद और झड़प के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट किए जाने पर संबंधित थाने में FIR दर्ज की गई है। वहीं, एक पुलिस निरीक्षक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने संबंधी शिकायत मिलने के बाद विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026, रविवार को नगरी क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने एक कथित प्रार्थना सभा और उसमें शामिल लोगों के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।

इसी दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल प्रकरण की विस्तृत विवेचना की जा रही है।

दूसरी ओर, घटना के दौरान एक पुलिस निरीक्षक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की शिकायत भी पुलिस विभाग को मिली है। इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जिले में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने कहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *