Home / Chhattisgarh / धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 पुलिसकर्मी

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 पुलिसकर्मी

ख़बर शेयर करें:

रायगढ़, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले वृहद जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दशहरा मैदान में होने वाले इस आयोजन में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। समारोह की सुरक्षा के लिए करीब 900 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीआईजी एवं रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए 22वीं वाहिनी कांकेर के सेनानी अभिषेक वर्मा और अतिरिक्त SP अनिल सोनी को जिम्मेदारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 एडिशनल एसपी और 24 डीएसपी की भी तैनाती की गई है।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

14 नवंबर को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कार्यक्रम में तैनात अधिकारियों और जवानों को ब्रीफिंग देकर महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जबकि बाहरी सुरक्षा घेरे में भी पुलिस बल लगातार निगरानी करेगा। इसके अतिरिक्त वन विभाग और स्थानीय कंपनियों के सुरक्षा गार्ड भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखा गया है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए गिरफ्तारी पार्टी भी तैनात रहेगी।

यातायात के लिए 100 जवानों की विशेष टीम, 10 पार्किंग स्थल निर्धारित

समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष यातायात प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत एक एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और 100 पुलिस जवान यातायात व्यवस्था संभालेंगे। वीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए कुल 10 अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए अलग-अलग मार्ग और रूट मैप भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सुबह 4 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

धरमजयगढ़ में चारों दिशाओं से आने वाले प्रमुख मार्गों पर चार कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। 15 नवंबर को सुबह 4 बजे से निर्धारित स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • रायगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहन सरिया नाला मंदिर के पास रोके जाएंगे।
  • छाल की ओर से आने वाले वाहनों को भारतमाला ब्रिज के पास प्रेमनगर में रोका जाएगा।
  • कापू की ओर से आने वाले वाहनों को माण्ड नदी पुल के पास रोका जाएगा।
  • पत्थलगांव की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नटवर पेट्रोल पंप के पास रोका जाएगा।

रायगढ़ पुलिस ने समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सहयोग देने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *