जांजगीर-चांपा, 14 नवंबर 2026। गाड़ी पर बैठने जैसे मामूली विवाद को लेकर चाकू और चेन से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को अकलतरा पुलिस ने 16 माह बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस ने उसे उसके निवास स्थान पर दबिश देकर पकड़ा। मामले में पूर्व में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि नौवां आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2025 की है। प्रार्थी अमन सारथी अपने साथियों मोनू उर्फ भुनेश्वर भैना, तिलेश्वर भैना और यानु नौरंग के साथ कपड़ा खरीदने अकलतरा आया था। शाम करीब 7 बजे सभी सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास अपने गांव के गोलू उर्फ विजय से मिलने और पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे।
इसी दौरान तुलेश्वर भैना पेट्रोल पंप के सामने स्थित आशीष यादव के ठेले पर सिगरेट लेने गया और वहां खड़ी सफेद रंग की एनएस मोटरसाइकिल पर बैठकर सिगरेट पीने लगा। इसी बात को लेकर यूडी यादव और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के, चाकू और चेन से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से पेट में वार किए जाने से निलेश्वर भैना गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
मामले की रिपोर्ट पर अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 360/2025 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। बाद में प्रकरण में धारा 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। मामले में शामिल नौ आरोपियों में से आठ को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
घर आने की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
फरार आरोपी प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया के अपने घर आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर उसके निवास पर दबिश दी और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया (19 वर्ष 6 माह), निवासी मोहनपारा वार्ड क्रमांक 07, रेलवे कॉलोनी अकलतरा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 10 AU 5830 को भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त SP डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में TI जय कुमार साहू, उपनिरीक्षक बाबूलाल कोसरिया, आरक्षक शेषनारायण साहू एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







