धमतरी, 09 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी में ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी दंपत्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 2 लाख 20 हजार रुपये की सोने की चेन शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी पति-पत्नी महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के निवासी हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व के दौरान हुई थी। घड़ी चौक स्थित शनि मंदिर के पास आमंत्रण ज्वेलर्स में त्योहार के चलते ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान खरीदारी करने के बहाने पहुंचे अज्ञात आरोपियों ने दुकान से 17 ग्राम 110 मिलीग्राम वजन की एक जेंट्स सोने की चेन चोरी कर ली। चोरी गई चेन की कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(3) और 305(A) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान 9 अक्टूबर को पुलिस पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आमा तालाब रोड पर यादव भवन के पास दो संदिग्ध सोने की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रेखा चौहान (50 वर्ष) और पृथ्वीराज चौहान (60 वर्ष), निवासी अक्लुज, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और पहचान की कार्रवाई के बाद उनके कब्जे से चोरी गई सोने की चेन बरामद कर विधिवत जब्त की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है।
धमतरी पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में महाराष्ट्र से आए आरोपी दंपत्ति की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







