Home / Chhattisgarh / धमतरी में एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडे, ईंट और चाकू से किया वार; हालत गंभीर

धमतरी में एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडे, ईंट और चाकू से किया वार; हालत गंभीर

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 05 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के दानी टोला वार्ड में रविवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों पर घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने धनीराम साहू और उनके दो बेटों देमेंद्र साहू व गुलशन साहू पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, धनीराम साहू अपने दोनों बेटों के साथ रविवार रात घर में सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक घर के बाहर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। शोर सुनकर जब धनीराम और उनके दोनों बेटे बाहर निकले, तो पहले से घात लगाकर बैठे उपद्रवियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ चाकू से भी वार किए। अचानक हुए हमले से परिवार के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि विवाद के पीछे तालाब में मछली पकड़ने को लेकर शक की बात सामने आ रही है। आरोपियों को संदेह था कि धनीराम साहू का परिवार उनके तालाब में मछली पकड़ने और गतिविधियों की जानकारी ढीमरा समाज के लोगों को देता है। इसी शक के चलते आरोपियों ने परिवार को निशाना बनाया।

हमले के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का उपचार जारी है। परिजनों के मुताबिक घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और बढ़ती चाकूबाजी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *