Home / Chhattisgarh / धमतरी में अवैध सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 सटोरिए गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त

धमतरी में अवैध सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 सटोरिए गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध जुआ-सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अर्जुनी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा-पट्टी लिखते चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,170 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी जब्त की है। चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से अलग-अलग स्थानों पर अवैध सट्टा संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार स्थानों पर छापेमारी की और सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में चार लोगों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम खपरी मोड़ के आगे भखारा मोड़ स्थित रामचंद्र पान ठेले पर की गई। यहां अर्जुनी सागर चौक निवासी रामचंद्र नेताम (56 वर्ष) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 600 रुपये नकद और अंकों से लिखी सट्टा-पट्टी जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 152/26 दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई अर्जुनी मोड़ के आगे रतन सेलून के सामने की गई। यहां शीतला पारा अर्जुनी निवासी पोखन यादव (38 वर्ष) को सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से 600 रुपये नकद और सट्टा-पट्टी बरामद की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज किया गया है।

तीसरी कार्रवाई ग्राम सेहराडबरी में निखिल डेली नीड्स के पास की गई। यहां सेहराडबरी निवासी देवेन्द्र साहू (22 वर्ष) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1,020 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 154/26 दर्ज किया गया है।

वहीं चौथी कार्रवाई भी ग्राम सेहराडबरी में निखिल डेली नीड्स के पास की गई। यहां संबलपुर निवासी अशोक साहू (50 वर्ष) को सट्टा खिलाने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 950 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी जब्त की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 155/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने चारों मामलों में कुल 3,170 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी की प्रतियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें और अपने आसपास इस तरह के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *