Home / Chhattisgarh / धमतरी पुलिस की यातायात शाखा का छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की दी गई जानकारी

धमतरी पुलिस की यातायात शाखा का छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की दी गई जानकारी

धमतरी, 22 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विद्यार्थियों और आमजन को कानून, सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के लिए यातायात शाखा का विशेष शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आम नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात पुलिस किस प्रकार कार्य करती है।

विद्यार्थियों को यातायात शाखा में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न सुरक्षा एवं जांच उपकरणों की जानकारी भी दी गई। इनमें ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड जांच उपकरण, बैरिकेड्स, रिफ्लेक्टिव जैकेट, ट्रैफिक कोन सहित अन्य उपकरण शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने उपकरणों के उपयोग और उनकी कार्यप्रणाली को विद्यार्थियों को सरल भाषा में समझाया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग और निर्धारित स्थानों का उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने तथा पैदल चलते समय सड़क सुरक्षा से जुड़ी सावधानियां बरतने के लिए भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर व्यक्ति स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर सकता है। विद्यार्थियों को बताया गया कि वाहन चलाते समय छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता, संयम और यातायात अनुशासन बेहद जरूरी है।

भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली, वाहनों की जांच, यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई और विभिन्न उपकरणों के संबंध में सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं विस्तारपूर्वक समाधान किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात पुलिस के कामकाज को नजदीक से समझने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात शाखा के भ्रमण के दौरान यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू, विद्यालय के शिक्षकगण, प्रआर. चमन सिंह ठाकुर, आरक्षक देव गजेंद्र, राजीव साहू, बालमुकुंद एवं उमेश दीवान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों और युवाओं को कानून, सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *