Home / Chhattisgarh / धमतरी पुलिस की जनरल परेड में दिखा अनुशासन, एसपी भावना पांडेय ने जवानों के टर्नआउट और एमटी शाखा का किया निरीक्षण

धमतरी पुलिस की जनरल परेड में दिखा अनुशासन, एसपी भावना पांडेय ने जवानों के टर्नआउट और एमटी शाखा का किया निरीक्षण

धमतरी, 18 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने शुक्रवार को रक्षित केन्द्र धमतरी में जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, वेशभूषा, अनुशासन और परेड की कार्यवाही का जायजा लिया। एसपी ने पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और तत्परता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों को कर्तव्य के प्रति सजग, सतर्क और सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में शारीरिक दक्षता और अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन के साथ बेहतर व्यवहार, टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना पुलिसकर्मियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

परेड के बाद एसपी भावना पांडेय ने रक्षित केन्द्र स्थित एमटी शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा में उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति, रख-रखाव, दस्तावेज और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वाहनों की नियमित देखभाल, समय-समय पर तकनीकी जांच और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासित और दक्ष पुलिस बल के साथ पुलिस संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जनता की सुरक्षा के लिए लगातार तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।

जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *