कोरबा, 05 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचल, पहाड़ी और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनीं। उन्होंने आवेदकों से संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 114 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें वनपट्टा संबंधी जांच, मानदेय एवं लंबित वेतन भुगतान, शिक्षा प्रोत्साहन योजना का लाभ, पीएम आवास की लंबित राशि, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना की राशि, स्वास्थ्य जांच, किसान क्रेडिट कार्ड, बकरी शेड निर्माण के लिए सहायता, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, राहत राशि, बिजली बिल में सुधार, भूमि अधिग्रहण के बाद नौकरी एवं मुआवजा, सहायक उपकरण तथा अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती से जुड़े प्रकरण शामिल रहे।
नागरिकों ने लंबित मुआवजा प्रकरणों की जांच, नए राशन कार्ड जारी करने तथा पात्र लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने सहित अन्य मांगें भी कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन शासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए आमजन अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखते हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







