बिलासपुर, 05 अक्टूबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय बिलासपुर में 5 अक्टूबर 2026 को महाप्रबंधकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने की। इस दौरान कोयला उत्पादन, डिस्पैच, सुरक्षित खनन संचालन और डिजिटल पहलों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी/संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ सहित मुख्यालय के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। SECL के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सहभागिता की।
बैठक में अधिकतम कोयला डिस्पैच सुनिश्चित करने और उपलब्ध कोयला भंडार के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। उत्पादन एवं उत्पादकता की समीक्षा करते हुए वर्षा के दौरान निर्बाध और सुरक्षित खनन संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न क्षेत्रों में परिचालन एवं उत्पादन से जुड़े विषयों की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने और कार्यों में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई।

LACP और SUGAM पोर्टल लॉन्च
बैठक के दौरान CMD हरीश दुहन ने SECL की दो महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों Land Asset Calculation Portal (LACP) और SUGAM (Scrap Utilisation Governance Analysis & Monitoring) पोर्टल का शुभारंभ किया।
LACP के माध्यम से SECL में भूमि एवं परिसंपत्तियों से संबंधित मुआवजा प्रक्रिया के लिए डिजिटल वर्कफ्लो उपलब्ध होगा। इससे परिसंपत्ति मुआवजा गणना और उसके प्रसंस्करण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं SUGAM पोर्टल के जरिए स्क्रैप प्रबंधन, उसके उपयोग तथा संबंधित गतिविधियों की निगरानी और विश्लेषण डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जा सकेगा। इससे स्क्रैप के प्रभावी प्रबंधन, बेहतर उपयोग और निगरानी को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में SECL के उत्पादन एवं परिचालन लक्ष्यों के साथ डिजिटल तकनीक के बेहतर उपयोग और सुरक्षित खनन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहा।







