Home / Chhattisgarh / डोंगा घाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया श्रमदान

डोंगा घाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया श्रमदान

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान के तहत हसदेव नदी के तट स्थित डोंगा घाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। “सेवा मेरा योगदान” पहल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने डोंगा घाट परिसर तथा हसदेव नदी तट के आसपास सामूहिक रूप से साफ-सफाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों और नदी तटों को स्वच्छ रखने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी निभाई और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमरजीत खटकर, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम, एसडीएम चांपा शशि चौधरी, नगर पालिका सीएमओ, तहसीलदार, अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।

“सेवा मेरा योगदान” पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियानों में जनभागीदारी बढ़ाना और लोगों को सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के लिए प्रेरित करना है। डोंगा घाट में आयोजित अभियान के माध्यम से श्रमदान, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से घर, आसपास के क्षेत्र, सार्वजनिक स्थलों और नदी तटों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *