Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा, उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा में धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा, उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें:
  • पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति नियमित अपडेट करने के निर्देश, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण

जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने धान खरीदी सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

कलेक्टर महोबे ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसे में सभी नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधक उपार्जन केंद्रों में टोकन व्यवस्था, धान की आवक, भंडारण और खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें। उन्होंने सभी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को नियमित रूप से जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए विभाग अपनी प्रगति, उपलब्धियों और लक्ष्यों से संबंधित जानकारी समय पर दर्ज करें।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में अवैध अतिक्रमण के मामलों पर नियमित कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

इस दौरान अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तंबोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *