- बस्तर पुलिस की कोतवाली पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त; हिकमीपारा का रहने वाला है आरोपी
जगदलपुर, 04 नवंबर 2026। बस्तर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने हिकमीपारा में धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम पटेल उर्फ गुना (48 वर्ष) निवासी हिकमीपारा, जगदलपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में हिस्ट्रीशीटर रह चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के हिकमीपारा मोहल्ले में हुई। बताया गया कि प्रेम पटेल अपने दामाद सुरेश शर्मा को धारदार चाकू लहराकर डरा-धमका रहा था और उसे मारने की धमकी दे रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले भूपेंद्र माली ने बीच-बचाव करते हुए प्रेम पटेल को समझाने का प्रयास किया।
इस बात से नाराज होकर आरोपी ने भूपेंद्र माली के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे धारदार चाकू से उनके पेट पर वार कर दिया। चाकू के हमले में भूपेंद्र माली को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त SP सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर SP आशिंका जैन के पर्यवेक्षण में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रेम पटेल उर्फ गुना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में कोतवाली TI निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, एसआई छबील टांडेकर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, प्रउनि रानी सोनी तथा आरक्षक बलराम कश्यप, त्रिनाथ कश्यप, हरीश बघेल और बंसीलाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडा-बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







