रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लेने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इस आयोजन को और भी ऐतिहासिक बनाता है। यह श्रृंखला प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े सपने साकार करने की प्रेरणा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जब छत्तीसगढ़ की बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को अपने सामने खेलते देखेंगी, तो उनमें भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक क्रिकेट श्रृंखला के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का अनुभव प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का रास्ता खुला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मैचों का भी सफल आयोजन हो चुका है। अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला ने छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से प्रदेश की वैश्विक पहचान मजबूत होने के साथ पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होते हैं। राज्य सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय बेटियां विश्व स्तर पर लगातार शानदार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, बीसीसीआई के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।







