कोरबा, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी के दिन दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मंगलवार को करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। इस हादसे से विजयादशमी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतकों की पहचान ग्राम नोनबिर्रा निवासी यशवंत गुप्ता (24 वर्ष), पिता हरि गुप्ता और शुभम गुप्ता (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नोनबिर्रा में नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई थी। मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद यशवंत और शुभम इलेक्ट्रिक बाइक से पूजा का सामान पंडित के घर छोड़ने गए थे।
दोनों युवक सामान छोड़कर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर जैसे ही गांव और मृतकों के घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ देर पहले तक जिस घर में विजयादशमी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि दोनों युवकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद भारी वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







