Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ के बड़े राइस मिल कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ के ताज होटल में संदिग्ध मौत, कमरे में मिली शराब और दवाइयां, युवती से पूछताछ

छत्तीसगढ़ के बड़े राइस मिल कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ के ताज होटल में संदिग्ध मौत, कमरे में मिली शराब और दवाइयां, युवती से पूछताछ

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 21 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित राइस मिल कारोबारी दीपक मित्तल (56 वर्ष) की चंडीगढ़ के पांच सितारा ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार, 21 अक्टूबर की सुबह उनका शव होटल के कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल के कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिली हैं। वहीं, घटना से पहले रात में कमरे में पहुंची एक युवती से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि, कारोबारी की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर निवासी दीपक मित्तल पंजाब में मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे। वह सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का एक कर्मचारी उनके कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। कर्मचारी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर सेक्टर-17 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन वस्तुओं की जांच कर रही है। हालांकि, शराब या दवाइयों का कारोबारी की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना से पहले रात में एक युवती दीपक मित्तल के कमरे में पहुंची थी। पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कारोबारी की मौत से पहले कमरे में क्या घटनाक्रम हुआ था। फिलहाल किसी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।

दीपक मित्तल की गिनती छत्तीसगढ़ के प्रमुख राइस मिल और राशन आपूर्ति कारोबारियों में होती थी। रायपुर के पुराने विधानसभा क्षेत्र के समीप ग्राम सकरी में उनकी राइस मिल बताई जाती है। उनका कारोबार छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में भी फैला हुआ था। वह चावल, शक्कर और गुड़ जैसी खाद्य सामग्री की सरकारी आपूर्ति से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि पंजाब सरकार की राशन किट आपूर्ति से संबंधित कारोबारी कार्यों के सिलसिले में वह चंडीगढ़ गए थे।

इधर, दीपक मित्तल की अचानक मौत की खबर मिलते ही रायपुर में उनके परिवार और व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, परिजन चार्टर विमान से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए हैं। शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर रायपुर लाए जाने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *