कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में योगासन खेल को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। ‘योगासना भारत’ के तत्वावधान में और ‘छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन’ के अंतर्गत यह प्रतियोगिता 18 से 20 सितंबर 2026 तक जूनियर क्लब, CSEB निहारिका, कोरबा में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 26 जिलों से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी विभिन्न योगासन विधाओं में अपनी कला, संतुलन, लचीलापन, शारीरिक दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ उनके कोच, टीम मैनेजर, निर्णायक और खेल से जुड़े पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं।
राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्थान बनाने का अवसर मिल रहा है। आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। निर्धारित नियमों के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जा रहा है।
योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं में नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। प्रतियोगिता के जरिए जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव मिल रहा है।
आयोजन में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मेजर सिंह, टेक्निकल डोमेन्द्र देवांगन, दुर्गेश राठौर, सुनील अग्रवाल, इंद्रनारायण जायसवाल, राकेश साहू, सचिन विश्वकर्मा, विनोद रत्नाकर, राहुल खरे, सनत रायल, विंद्रा चौहान, दुर्गेश तिवारी और विनीता दीक्षित सहित राज्य एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने योगासन खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। कोरबा में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता प्रदेश में योगासन खेल की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






