Home / Chhattisgarh / कोरबा के वार्ड क्रमांक 20 में 5.63 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक बनेगी सीसी सड़क

कोरबा के वार्ड क्रमांक 20 में 5.63 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक बनेगी सीसी सड़क

ख़बर शेयर करें:

0 उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम, सड़क, नाली और स्ट्राम वाटर ड्रेन का होगा निर्माण

कोरबा, 25 नवंबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 20 में 5 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। बुधवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में इन विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों में बालको मुख्य मार्ग स्थित ढेगुरनाला छठघाट से सीधे दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 20 में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 3 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य सड़क तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा साकेत भवन से बालको रोड स्थित चिकन दुकान तक 1 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से स्ट्राम वाटर ड्रेन का निर्माण होगा।

इसी तरह पथर्रीपारा में बंटी साहू के घर से पुष्पेंद्र साहू के घर तक तथा मंदाकिनी साहू के घर से तालाब तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड और नाली बनाई जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल क्रमांक-2 क्षेत्र में आसना बानो के घर से किशोर के घर के सामने होते हुए अवधेश किराना स्टोर तक 20 लाख रुपये की लागत से सड़क ढलाई और दोनों ओर नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं सामुदायिक भवन के पीछे से आश्रम के पीछे तक 15 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण किया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार देश एवं प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया है और विकास कार्यों को गति दी है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से कोरबा के विकास के लिए लगातार राशि उपलब्ध कराई जा रही है। शहर के सभी वार्डों और बस्तियों में सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री और महापौर शहर के विकास तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के प्रति गंभीर हैं। ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने भी विकास कार्यों के लिए उद्योग मंत्री और महापौर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई सीसी सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, अजय गोंड़, ममता यादव, पार्षद राकेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, आरिफ खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *