जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित प्रसिद्ध सतनाम मंदिर में चोरी हुए ऐतिहासिक कलश की जगह अब नया कलश स्थापित किया जाएगा। मंदिर की धार्मिक और सामाजिक आस्था को सम्मान देते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सराहनीय पहल की है। पुलिस की ओर से मंदिर को नया कलश और भजन-कीर्तन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम सप्रेम भेंट किया गया है।
ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत के पांचवें सतनाम तीर्थ स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। मंदिर के गुंबद में वर्ष 1945 में कलश स्थापित किया गया था। कुछ समय पहले इस ऐतिहासिक कलश की चोरी हो गई थी। मामले में अपराध दर्ज कर अकलतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को ग्राम पचरी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मंदिर के गुंबद के कलश को खंडित कर उसका आकार परिवर्तित कर दिया था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
घटना के बाद मंदिर की मौलिक पहचान और धार्मिक आस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त SP डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अकलतरा एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में यह पहल की गई।
TI निरीक्षक जय कुमार साहू ने मंदिर के गुंबद के लिए नया कलश और भजन-कीर्तन एवं धार्मिक उपदेश के आयोजन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम मंदिर के राजमहंत कीर्तनलाल भारद्वाज को भेंट किया।
इस अवसर पर मेला समिति पचरी धाम के सुनील भारद्वाज, अध्यक्ष निक्कू कुमार पटेल, संयोजक सुरेन्द्र लहरे, सलाहकार एवं प्रवक्ता सूरज भारती, स्वर्ण पाटले, सुरेश भारद्वाज, महेश केशकर सहित डॉ. अंबेडकर युवा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस की इस पहल पर सतनाम मंदिर के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने आभार जताया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा कि जनसेवा और सामाजिक-धार्मिक आस्था के सम्मान से जुड़ी ऐसी पहल आगे भी जारी रहेगी।







