Home / Chhattisgarh / कोरबा: एसईसीएल बांकी खदान में डकैती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; गैस कटर और पिकअप वाहन जब्त

कोरबा: एसईसीएल बांकी खदान में डकैती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; गैस कटर और पिकअप वाहन जब्त

ख़बर शेयर करें:

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल बांकी नंबर-4 खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान और पाइप चोरी करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने एसईसीएल बांकी नंबर-4 खदान परिसर में धावा बोला था। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर की मदद से स्टोर में रखे लोहे के रैक और एसईसीएल संपदा के पाइप काटकर चोरी कर लिए। चोरी की गई सामग्री की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। वारदात के बाद आरोपी चौकीदारों के मोबाइल फोन लौटाकर मौके से फरार हो गए थे।

घटना की रिपोर्ट सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान ने 28 अक्टूबर को थाना बांकीमोंगरा में दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप वाहन चालक राहुल विश्वकर्मा (22 वर्ष) और कबाड़ दुकान संचालक आकाश साहू (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। डकैती से प्राप्त संपत्ति के निपटान और खरीद-बिक्री में संलिप्तता पाए जाने पर मामले में बीएनएस की धारा 317(3) और 317(5) भी जोड़ी गई।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा निवासी विनायक पब्लिक स्कूल के पास, बांकीमोंगरा और आकाश साहू निवासी एसईसीएल अस्पताल के पास, बांकीमोंगरा शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 BJ 6180, एक गैस कटर, एक ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 310(2), 127(2), 317(3) और 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *