जांजगीर-चांपा, 23 सितम्बर। अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पानी की बोतल को लेकर हुए विवाद में युवक से मारपीट कर कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल-पर्स लेकर फरार होने के मामले में अकलतरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 15 सितंबर 2026 की है। बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के सामने स्थित पान ठेले से पानी की बोतल खरीदकर फोन-पे के जरिए भुगतान कर रहा था। इसी दौरान वहां दो युवक पहुंचे और नवीन से पानी की बोतल मांगने लगे। नवीन द्वारा पानी देने से मना करने पर दोनों युवक उसके पीछे चले गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने छोटी कैंची निकालकर नवीन को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ लात-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान नवीन का मोबाइल फोन और पर्स नीचे गिर गया, जिसे आरोपी उठाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय खरे और योगेन्द्र मानिकपुरी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में योगेन्द्र मानिकपुरी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 अकलतरा और अजय खरे (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15 रहसबेड़ा अकलतरा शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







