Home / Chhattisgarh / अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में 8 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में 8 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

ख़बर शेयर करें:

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अक्टूबर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 30 सितंबर को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा करीब 103.11 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है। जब्त गांजा सहित वाहनों और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 89.75 लाख रुपए आंकी गई है।

पहली कार्रवाई सरसीवा थाना क्षेत्र की चौकी बेलाडुला के अंतर्गत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नारंगी-लाल रंग की आयशर वाहन क्रमांक MH 04 NB 2816 में उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चौकी बेलाडुला पुलिस एवं ANTF की टीम ने तेंदूदरहा के पास सड़क पर घेराबंदी की। वाहन को रोककर पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि वह बलांगीर (उड़ीसा) से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे रखी लोहे की अलमारी के भीतर टेप से लिपटे 35 पैकेटों में 39.76 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने अनुज कुमार गौतम (31), निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा टिंकू वर्मा (25), निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 39.76 किलोग्राम गांजा, आयशर वाहन, करीब 10 टन वजनी लोहे की चद्दर तथा दो ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 45.20 लाख रुपए बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई भटगांव थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस द्वारा एमसीपी लगाकर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही सफेद ऑल्टो कार क्रमांक UP 95 W 5149 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को लेकर भागने लगा। उसके पीछे आ रही सफेद फ्रॉन्क्स कार क्रमांक UP 32 A 4445 के चालक ने भी तेज रफ्तार में स्टॉपर को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। जांजगीर पुलिस से समन्वय स्थापित कर पुलिस टीम ने गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

तलाशी के दौरान ऑल्टो कार में चार तथा फ्रॉन्क्स कार में दो व्यक्ति सवार मिले। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर चार प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस मामले में सुनील बेलदार निवासी कबरई, महोबा; अरविंद कुमार ठाकुर निवासी खन्ना, महोबा; सुरेंद्र यादव निवासी कबरई, महोबा; सागर सिंह निवासी कोतवाली नगर, महोबा; तथा मेहताब अहमद निवासी हिमुटली, हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 63.350 किलोग्राम गांजा, दोनों कारें और सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 44.55 लाख रुपए बताई गई है।

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 103.11 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 89.75 लाख रुपए है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *