Corona Report सुनकर हॉस्पिटल से भागी महिला, मचा हड़कंप….

Corona Report सुनकर हॉस्पिटल से भागी महिला, मचा हड़कंप….

April 17, 2023 Off By NN Express

भानुप्रतापपुर,17 अप्रैल । कांकेर जिले में स्थित भानुप्रतापपुर के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक कोरोना पॉजिटिव महिला गायब हो गई है। अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महेश्वरी नेताम पति धनेश कुमार जिसकी उम्र 35 साल है, थाना सिकसोड के गांव पोरोडी से यहां दो दिन पूर्व आई थी। उसे बुखार और हाथ-पैर में दर्द की शिकायत थी। 15 अप्रैल की शाम को उसे डॉक्टर मितेश रावटे की जांच के बाद एडमिट किया गया था और उसके सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेजे गए थे। इसके बाद सोमवार को जब उसकी रिपोर्ट आई और उसे इस बात की जानकारी हुई कि वह कोरोना पॉजिटिव है, तो वह बिना किसी को कुछ बताएं अस्पताल से कहीं चली गई। अपना सामान भी उसने अस्पताल में ही छोड़ दिया है।

बताया जा रहा है कि, महिला कोरोना पॉजिटिव आने से बेहद घबरा गई थी और जब उसे जिला के कोविड अस्पताल में शिफ्ट करने की बात कही गई तो वह और ज्यादा डर गई। इसके बाद वह कहीं चली गई। इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। सीएमओ डॉक्टर ध्रुव जिला कार्यालय में मीटिंग में गए हुए हैं। वहीं महिला को एडमिट करने वाले डॉक्टर मितेश रावटे ने बात करने से मना कर दिया।