Crime News : शौच के लिए गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म….

Crime News : शौच के लिए गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म….

April 5, 2023 Off By NN Express

पटना/बड़हिया (लखीसराय),05 अप्रैल । बड़हिया नगर की सीमांत पटना जिला अंतर्गत पचमहला ओपी क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए घर से निकली एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।घटना सोमवार की देर शाम की है। पीड़िता घर से काफी दूर बगीचे में एक पेड़ से अचेता अवस्था में बंधी हुई मिली। इसके बाद उसे इलाज के लिए बड़हिया स्थित रेफरल अस्पताल लाया गया।

पुलिस  मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के बयान पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी सोमवार की देर शाम शौच करने घर से निकली थी। घर से निकलते ही चार युवकों ने उसे कब्जे में कर लिया। इसके बाद गांव से सटे बगीचे में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

काफी देर तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर स्वजन उसे खोजने निकले, लेकिन आसपास खोजबीन करने पर कुछ भी पता नहीं चल सका। इसके बाद स्वजन ने पचमहला ओपी जाकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस स्वजन को लेकर जब गांव से सटे बगीचे में खोजने गई तो पीड़िता अचेता अवस्था में एक पेड़ से बंधी मिली, जहां से उसे इलाज के लिए बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर उमेश प्रसाद सिंह ने इलाज शुरू किया।

होश में आने के बाद पीड़िता ने पचमहला के तीन एवं नौरंगा के एक युवक का नाम बताया है। इसके बाद मरांची थाने के सहयोग से पचमहला पुलिस तीन आरोपितों को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पचमहला ओपी अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पचमहला के विकास कुमार, बिट्टू झा एवं मांझी सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रेफरल अस्पताल बड़हिया के डॉक्‍टर उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़िता का इलाज किया गया है। इंटरनल जांच ए-ग्रेड नर्स ने की है। प्रथम दृष्टया कुछ कहा नहीं जा सकता है। मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच करने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। किशोरी के होश आने के बाद पुलिस जांच के लिए उसे पटना जिले के बाढ़ ले गई है।