MP Board Exams 2023: मध्‍य प्रदेश में आज से 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा, बनाए गए 12 हजार परीक्षा केंद्र

MP Board Exams 2023: मध्‍य प्रदेश में आज से 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा, बनाए गए 12 हजार परीक्षा केंद्र

March 25, 2023 Off By NN Express

भोपाल (मध्य प्रदेश) , 25 मार्च। मध्य प्रदेश के 24 लाख विद्यार्थी शनिवार से शुरू होने वाली पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इन परिक्षाओं के लिए सरकार द्वारा 12 हजार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 11.30 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

201 केंद्रों पर 78 हजार बच्चे होंगे शामिल

बता दें कि बच्चों को सुबह 8 बजे ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। भोपाल जिले में 201 केंद्रों पर 78 हजार बच्चे शामिल होंगे। कुछ परीक्षा केंद्र 8 से 10 किमी दूरी पर बनाए गए हैं। वहीं कक्षा पांचवीं का पहला प्रश्नपत्र प्रथम भाषा-विशिष्ठ हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी का होगा। वहीं, आठवीं का पहला पेपर विज्ञान का होगा।

इस परीक्षा की तैयारी को लेकर शुक्रवार को स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी और राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक धनराजू एस ने सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं जिला परियोजना समन्वयकों की आनलाइन वर्चुअल समीक्षा बैठक ली।

25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगी परिक्षाएं

प्रमुख सचिव शमी ने सभी जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी कारणवश कोई भी बच्चा परीक्षा से वंचित न रहे। 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाएं 25 मार्च से प्रारंभ होकर 3 अप्रैल तक आयोजित होंगी। प्रदेश में पांचवीं और आठवीं में कुल विद्यार्थियों की संख्या-24,72,918, परीक्षा केंद्रों की संख्या 12,364, सरकारी स्कूल-पांचवीं में विद्यार्थियों की संख्या 8,15,567, आठवीं में विद्यार्थियों की संख्या 7,98,147, मदरसा-पांचवीं के विद्यार्थियों की संख्या 6,368, आठवीं के विद्यार्थियों की संख्या 5,073, निजी स्कूल-पांचवीं के विद्यार्थियों की संख्या 4,57,678 आठवीं के विद्यार्थियों की संख्या 3,90,085 है।